Monday, February 22, 2016

आरक्षण.....इक समस्या

जब हम अपने अधिकार की बात कर रहे होते हैं अपनी माँग की बात कर रहे होते हैं तो ऐसे में सवाल ये है कि हम अपने कर्तव्यों को क्यों भूल जाते हैं। क्यों भूल जाते हैं कि अधिकार और कर्तव्य साथ-साथ चलते हैं ?   
ये एक ही सिक्के के दो पहलु हैं? देश में आरक्षण की माँग को लेकर जाट समुदाय  का लगभग पाँच दिन से चल रहे आंदोलन का हिंसक हो जाना कितना सही है ? अपने स्वार्थहित में अंधे हुए अपने जिद्द पगलाए आंदोलनकारियों द्वारा  सरकारी, गैर-सरकारी संपत्ति की तोड़-फोड़, आगजनी लगातार जारी है। इस आंदोलन की आड़ में कुछ शरारती तत्वों ने भी लूटपाट, चोरी जैसे अपराधिक मंसूबो को अंजाम दिया। नेशनल हाईवे से लेकर रेलवे की पटरी सब पर कब्ज़ा जमाये बैठे इन लोगो को देश की आर्थिक क्षति की कोई चिंता नहीं।  देश के प्रति अपने कर्तव्यों को दरकिनार कर जाट समुदाय सिर्फ और सिर्फ अपने अधिकार के लिए संघर्षरत है सरकार और समुदाय के इस तना-तनी के बीच पूरा देश झेल रहा है।

 बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमने वाले कई किले ज़मीन का मालिक ये जाट समुदाय  अपने आप को पिछड़ा वर्ग साबित करने पर तुला है जो न ही पिछड़ी जाति  है न ही कमज़ोर अतीत में जाट जाति किसी भी अत्याचार का शिकार नहीं रहा न ही शैक्षणिक तौर पर पीछे है। आरक्षण पाने के मूलभूत आधार को ही जाट समुदाय पूरा नहीं करता। लेकिन फिर भी आरक्षण को अपना अधिकार बताने वाला ये समुदाय साम-दाम-दंड भेद की नीति का प्रयोग कर के सरकार को हामी भरवाने के लिए पूरी तरह विवश कर चुका है।

आरक्षण को जिस नेक विचार के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने संविधान में शामिल किया था उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि ये अस्थायी कानून एक दिन स्थायी अधिकार बन जाएगा। आरक्षण का आधार जाति है ही नहीं। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है। आज़ादी की पूर्व संध्या पर उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि आरक्षण को किसी न किसी दिन बंद तो होना ही है अगर यह स्थायी रहा तो पूरा उद्देश्य ख़त्म हो जाएगा। आरक्षण सिर्फ दस वर्ष के लिए लागू किया गया था पांच वर्षों के बाद हालात की समीक्षा किया जाना तय था लेकिन यह अवधि धीरे-धीरे अनुवर्ती सरकारों द्वारा वोट बैंक के लिए बढ़ाई जाती रही और आज़ादी के 69 सालों के बाद भी यह सिलसिला कभी ख़त्म नहीं हुआ। 

आज स्थिति यह है कि इसके ख़त्म होने की कोई संभावना ही नज़र नहीं आ रही। जैसे-जैसे आरक्षण ने अधिकार का रूप लिया जनता सड़को पर उतरने लगी प्रदर्शन करने लगी अब हर जाति, हर वर्ग अपने आपको कमज़ोर साबित करके इसपे अपना अधिकार जमाना चाहती है। अब आधार यह नहीं होगा कि आप मेरिट लिस्ट में हैं या नहीं बल्कि आधार आपकी जाति होगी अब वो दिन दूर नहीं जब लोग आरक्षण पाने के लिए जाति परिवर्तन कर लेंगे। 

संविधान के अनुसार केवल 50 प्रतिशत सीट ही आरक्षित किया जा सकता है।  सर्वोच्च न्यायालय ने भी इसपर अपनी मुहर भी लगायी है। किसी विशेष परिस्थिति में ही स्पष्ट कारण दिखाकर सरकार 50 फ़ीसदी की सीमा रेखा को भी लांघा जा सकता है। जबकि राज्य के कानूनों ने इस सीमा को पार किया है और उनपर सर्वोच्च न्यायालय की कार्यवाही भी चल रही है। इन सब के बावजूद लगातार आरक्षण की नज़ायक माँग को मनवाने के लिए हिंसात्मक तरीका अपनाया जाता रहा है। पहले गुर्जर, फिर पाटिल और एकबार दोबारा जाट समुदाय। इससे पहले भी जाट आरक्षण को नाजायज ठहराते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जाट समुदाय को दिए गए आरक्षण को रद्द कर दिया था। 

आरक्षण अब सुरक्षा नहीं बल्कि धीरे-धीरे एक विकराल समस्या बनती जा रही है। देश को रह-रह के बड़े-बड़े झटके लग रहे हैं। आम आदमी चूर-चूर हो रहा है। मुझे लगता है कि आरक्षण की जिस व्यवस्ता से देश बार-बार आहत हो रहा है जो देश को एक झटके में कई वर्ष पीछे ढकेल रहा है। बहुत ज़रूरी है कि ऐसी व्यवस्था को जड़ से ख़त्म कर दिया जाए । न रहेगा बाँस न बजेगी बाँसुरी। 





परी ऍम. 'श्लोक'

Tuesday, February 16, 2016

प्यार की कोई भाषा नहीं दोस्तों

दूर होकर भी वो दरमियाँ रहता है
एक ज़ज़्बा है हरदम जवाँ रहता है 

प्यार की कोई भाषा नहीं दोस्तों
ये वो पंछी है जो बेजुबाँ  रहता है 

उस मुसाफ़िर से दिल तो लगाया मगर 
उससे पूछा नहीं वो कहाँ रहता है

आदमी इश्क़ में तन्हा होता नहीं 
याद  हो  दर्द  हो  कारवाँ रहता है 

ख़त्म होती नहीं कोई भी दास्ताँ 
आग बुझ जाती है तो धुआँ रहता है 

जिस तरह चाहिए काम ले लीजिये 
दिल मेरा आप पर मेहरबाँ रहता है 

सोती हूँ पत्थरों की ज़मीं पे तो क्या  
सर सितारों भरा आसमाँ रहता है 

आप खाली मकाँ मत मेरा देखिये 
आँखों में देखिये कहकशाँ रहता है 

आदमी तो गुज़र जाता है राह से  
पीछे क़दमों का लेकिन निशाँ रहता हैं 

©परी ऍम. 'श्लोक'

Saturday, December 26, 2015

सितारे रात तन्हाई तुम्हीं को गुनगुनाते हैं

सितारे  रात   तन्हाई    तुम्हीं  को   गुनगुनाते  हैं 
अभी तक याद के जुगनू ज़हन में झिलमिलाते हैं 

नज़र के  सामने गुज़रा  हुआ जब  दौर आता   है 
कई  झरने  निग़ाहों   में   हमारे   फूट   जाते    हैं 

उन्हें कह  दो न इतरायें  ज़रा सी  रौशनी  पाकर 
ये  सूरज  चाँद  तारे  घर  मेरे  पहरा  लगाते  हैं 

नहीं मिलता है सहरा में कभी जज़्बात का दरिया 
शज़र क्यूँ बेवज़ह ही प्यार का इस पर  लगाते हैं 

चले आओ किसी भी सम्त से बनकर हवा साथी 
चमन के  फूल  सारे आपको   शब भर बुलाते हैं 

अरे! इस  आईने  का भी  ज़रा  देखें  बेगानापन 
हमारे अक्स  में ये  आपका  चेहरा  दिखाते  हैं 

लगाकर मैं ये सारी मुश्किलों की तल्ख़ियाँ लब से 
बजाऊँ  यूँ  कि  जैसे  बाँसूरी   कान्हा  बजाते  हैं 

क़यामत तक नहीं मिलती निशानी प्यार की यारो 
मुहब्बत  की  तलाशी में  बदन तक टूट  जाते हैं 

सफ़र  ये  जिंदगानी  का  सफ़र  ऐसा है   मेरी जाँ 
कि मिलती है अगर मंज़िल तो साथी छूट जाते हैं 


© परी ऍम. 'श्लोक' 

Monday, December 21, 2015

समंदर है कहीं सूखी नदी है .....

समंदर है कहीं सूखी नदी है
इसी का नाम शायद जिंदगी है 

बताओ मुस्कुराए कोई कैसे  
ग़मों की गोद में बैठी ख़ुशी है 

अमन के वास्ते मज़हब बनाये 
वो होली खून के पर खेलती है 

गरीबों का लहू पीकर तरक्की
अमाँ हद दर्जे की ये बेहिसी है 

सितम देखो की हर इक दौर में ही 
लुटी सीता, अहल्या, द्रोपदी है 

वो देखो फिर गली के आदमी ने 
हवस में नोच डाली इक कली है 

जो अपराधी था देखो 'दामिनी' का 
वही मुज़रिम अदालत से बरी है  

हमारे इश्क़ के ही तो बदौलत 
तेरे चेहरे पे आयी ताज़गी है 

ज़रा कर बात तू औक़ात वाली 
तेरे बस की कहाँ दरियादिली है 

ख़ुदा तू  हो नहीं सकता कभी भी
फ़क़त तू आदमी है आदमी है 

सियासत के बड़े माहिर खिलाड़ी 
अजी लाशों पे रोटी सेंक ली है 

कज़ा से हम करे कैसी शिकायत 
मिटाती जा रही ये जिंदगी है 

नज़र कमज़ोर बूढी हो गयी पर  
महक से माँ मुझे पहचानती है

मुझे मत मार दुनिया देखने दे 
वो बच्ची कोख़ में से बोलती है 

जुबाँ औ दिल 'परी' बोले बराबर
ये आदत तो हमारी भी बुरी है 
______________ 
© परी ऍम. 'श्लोक' 


Tuesday, November 17, 2015

उखड़ती जा रही हूँ ज़िन्दगी से

उखड़ती  जा   रही     हूँ    ज़िन्दगी    से 
न  मर   जाऊं   कहीं   तेरी    कमी     से

गवांचे    आस    के     हैं    चाँद     तारे 
घिरी   हूँ   हर   तरफ    मैं    तीरगी    से 

मेरे   दिल  साथ    तुम   दे   दो     हमारा 
उभरने    दो     मुझे     इस    त्रासदी   से 

ज़माने    में     हसीं    चेहरे     कई      हैं 
हमारी   आशिक़ी    है    आप    ही    से 

तुम्हारे   आने   का    बस    एक     वादा 
अजी   हम   काट   दे  सदियाँ   ख़ुशी  से 

मुहब्बत   का   सफ़र   है  जन्नतों     तक 
नहीं   हासिल   मगर  कुछ   बेरुखी     से 

बहाने   से    महज़     मैं      टालती    हूँ 
है   कब    ये    भूख   मिटती  शायरी  से 

छिपाते   फिर   रहे    हैं  हमको  खुद   से 
उन्हीं   में   फैले   हैं    हम   रौशनी     से 

सफ़र    लम्बा   पड़ा   है   जिंदगी    का 
हमारे    पाँव    जलते    हैं     अभी    से 

दग़ा    अपना   ही   साया    दे    रहा   है  
करें   उम्मीद    फिर   क्या   आदमी    से 

सुनाये    जाते    हो    फ़रमान      अपना 
रज़ा   तुम  पूछ   तो    लेते    'परी'      से 
___________________
© परी ऍम. 'श्लोक'



Monday, October 12, 2015

उठी मंदिर से चिंगारी शरारे मस्जिदों से

उठी   मंदिर   से  चिंगारी   शरारे  मस्जिदों   से 
गए  टकरा  वो  आपस   में  पुराने  दुश्मनों   से

न कोई शख़्स था जिन्दा बचा इस आग से फिर  
लहू  यूँ  हो  गयी  इंसानियत  थी  मज़हबों   से 

सियासत खूब गरमायी किसी की लाश पर थी 
चिता  ठंडी  हुई  गाँधी  छपे  फिर  काग़ज़ों  से 

जला है आशियाँ जिनका कि पूछो बुलबुलों से 
जिन्हें  काटा  गया  तलवार से  था  उन गुलों से 

कलाई  जिस  बहन के राखियों की छिन गयी है 
है  उजड़ी  कोख़  जिनकी  पूछिये  उन जननियों 

दफ़न  है दर्द का  ये जलजला  जिनके  दिलों में 
कभी  जाकर  ज़रा  पूछो  सितम  खाए  घरों  से 

जहाँ हर  धर्म   इक  जैसा  वहाँ पर  ये  फ़सादत 
हुई  जाती  है  क्यूँ  हर  रोज़  पूछो  जाहिलों   से 


© परी ऍम. 'श्लोक'

Wednesday, September 2, 2015

मुझे काश जुर्म – ए - मुहब्बत में जाँ

ख़त्म ये  गिला  शिकवा हो जाए

नया सा शुरू  सिलसिला हो जाए

लबों  पर  सलामत  रहे  सदियों तक  
उठे   हाथ  जब  भी  दुआ  हो   जाए

रहेगी   कमी   फिर   ज़माने  में  क्या  
जो  महबूब  अपना  ख़ुदा  हो   जाए  

इसे   खुश  नसीबी  समझ  लेंगे  हम 
जो  हर  साँस  उन  पर फ़ना हो  जाए 

मज़ा  फिर  बिखरने  में  भी   आएगा 
बने  फूल  हम  वो   हवा   हो   जाए 
   
मुझे  काश जुर्म – ए - मुहब्बत में जाँ  
तेरे   साथ  की    ही  सज़ा   हो  जाए 

निभाना   न  आये  वफ़ा  जिनको  भी 
मेरी    जिंदगी   से   दफा    हो    जाए 

वही   आदमी   से   किनारा   कर  लो 
बड़ी  जब  किसी  की  अना  हो  जाए 

अजी   जिंदगी  का  भरोसा  ही   क्या 
मना   लो   जो  कोई  खफ़ा  हो  जाए 

बड़ी   तल्ख़   मालूम   पड़ती  है   गर 
सनम   पास   आकर   जुदा  हो  जाए   

तेरे  इश्क़  में   शायरी  कह -  कहके   
कहीं   जाँ  न  हम   शायरा  हो  जाए 


© परी ऍम. 'श्लोक'

Thursday, August 20, 2015

ज़िन्दगी यूँ हो कि ज़न्नत की पनाहें हैं

मेरी   पलकों   ने   रह - रह   के  उठाये  हैं 
तेरी   सूरत   तो   इन   आँखों  के  फाहें  हैं 
मैं   गुम   हो   गयी   उस  वीरान  बस्ती  में 
दूर   तक   मौजूद   जहाँ   पर   तेरे  साये  हैं  
मौजजा हो कि अगर तुम चले आओ साथी 
मैंने   दिए   उल्फ़त  के  राहों  में  जलायें  हैं
ये  ज़मी  ही नहीं  ये आसमां भी  चौंक जाए 
कि  तेरी  आहट  पर  सब  कान   लगायें  हैं 
मेरी  दुनिया  में  कुछ  और  ज़रूरी  ही  नहीं 
मैंने   हर   ख़्वाब   महज़   तुमसे   सजायें  हैं 
सोये  हुए  जिस्म  में अब भी जागता है  दिल 
तेरे   आमद   की    ये   उम्मीद    लगाये   हैं
सच   कहूँ  मान  लो   हमदम   मेरे  हमसाथी 
बात  यूँ  ही  नहीं  हम  लब  तलक  लायें  हैं 
तेरी  बाहों  का  सहारा  जो  मिल  जाए  मुझे 
ज़िन्दगी   यूँ  हो   कि   ज़न्नत  की   पनाहें  हैं 


© परी ऍम. 'श्लोक'

Wednesday, August 19, 2015

तस्वीर फाड़ी होगी खत भी जलाया होगा

तस्वीर  फाड़ी  होगी  खत भी जलाया होगा 
यकीं है  फिर भी वो मुझे भूल न पाया  होगा
मेरे  जाने  के  बाद  इतनी  खबर  है  मुझको 
दिन में तड़पा होगा रात सो भी न पाया होगा 
रोज़ मिलते थे छिप-छिप के  जिस बाग़ीचे में  
सुबह  उठकर  फिर  वहीं  सैर पर आया होगा 
मुझी को तलाशा होगा हर  शख़्स के  चेहरे में 
और  नज़र  भी  मुझी  से  उसने  चुराया होगा  
दिल  में  दर्द  मचलता होगा  तूफ़ानों की तरह  
मगर  वो  ख़ुश  है  झूठ  सबको जताया  होगा   
जिक्र किया  होगा जो किसी ने बातों-बातों में 
सूनी आँखों  में  सौ  दरिया  उत र आया होगा 
किसी  ने  पूछ  लिया  होगा रोने का सबब जो 
बहाना  इक  वही   तिनकें   का  बनाया  होगा  
ख़ुदा  से  जम   के  हमदम   मेरा  झगड़ा  होगा
बेरहमी  का  सर  इल्ज़ाम  भी   लगाया  होगा  
और  कहा  होगा  कि  तेरे दर कभी न आऊंगा 
फिर  किसी ख़्वाइश  पे दामन न फैलाया होगा  
मैं  याद आई  होंगी बर्दाश्त  की हद  हुई  होगी 
होकर  बेचैन वो  मेरी  क़ब्र तक  आया   होगा 
कितना  तनहा  है मुझे रह-रह के  बताया  होगा 
लिपट के कतबे से बहुत चीखा-चिल्लाया होगा 

मैंने महसूस क्या किया उसपल है बयां मुश्किल 

बस इतना  जान लो  कि उसके अंगार से  आंसू 
यूँ  गिरे  कि  मेरी  क़ब्र  जल के  राख  हो  गयी। 
______________ 

© परी ऍम. "श्लोक"  

Tuesday, August 18, 2015

मैं तुमसे आगे जाना चाहता हूँ

उसने   मुझसे  कहा  एक  बात   कहूँ ?
खाओ  क़सम कि इंकार करोगी  नहीं
मैंने मुस्कुरा के झट से कहा ओ पगले
तेरे  लिए  तो  ये  जान  भी  हाज़िर है
मुझे    ख़बर   क्या  थी   कि   सबार
उसकी  साज़िश में  है एक बड़ी सज़ा
वो मांगने  वाला  है  जीने  की  वज़ह
जाने   सोचा   था   कि    नहीं   उसने
मगर   उसे   देखकर   लगा  था   मुझे
एक  शिकन  तक  नहीं  थी  चेहरे पर
कोई मलाल न था अपनी ख़्वाइश पर 
कहने  लगा  जान   खफ़ा   मत  होना
और  मुझे  इल्ज़ाम  भी  कुछ  न देना
बस तुमसे यही  मैं  कहना  चाहता हूँ
मैं   तुमसे   आगे   जाना   चाहता  हूँ
मेरी  आँखों  से टप  से  टपका कतरा
नस - नस   में   तल्ख़  अँधेरा  छाया
ख़्याल   ये   भी  मुझे  आया  दफ़तन
कहीं  बुरा  ये  कोई   ख़्वाब  तो नहीं
एक  पल  तो  समझ  न आया मौला
जवाब उसको  क्या दिया जाए मौला
मगर  रख  के  पत्थर  अपने  सीने  पे
कुछ  यूँ  छोड़ा  ज़िन्दगी का सरमाया
कह  दिया  जाओ  मेरे  महबूब जाओ
कि  तेरे  इल्तिज़ा  को  है  मंजूरी  मेरी



_________________ 

© परी ऍम. 'श्लोक'  

Monday, August 17, 2015

उसने मुसलसल कई गुनाह किये

उसने मुसलसल कई गुनाह किये 
और अक्सर कहता रहा मेरी खता क्या है

उसे मालूम नहीं शायद 
चोरी गुनाह है और देखो 
उस अनाड़ी ने चुपके से मेरा दिल चुरा लिया
आफ़ताब से भी तेज़ था उजाला उसका 
कि उसने मेरे जिस्म का साया हथिया लिया  

उसे मालूम नहीं शायद 
धोखा-धड़ी गुनाह है 
उसने ऐतबार के मंदिर में 
प्यार का फूल चढ़ाया और कई कसमें खाई 
लव्ज़ दर लव्ज़ वादा किया 
और बिना आहट बिना आवाज़ के गुज़र गया 

उसे मालूम नहीं शायद 
कि क़त्ल की बड़ी सज़ा मुक़र्रर है 
उसने अपने हाथों से रात की गवाही में
चाँद का नूर लेकर टिमटिमाती तन्हाई में  
कई जिन्दा ख़्वाब मेरे आँखों की शीशी में भरे
और सुबह होते-होते बड़ी बेरहमी से उसे
ज़मीन पर पटक कर चकनाचूर कर दिया 

मैंने सबूत के क़ागज़ाद नहीं बटोरे 
मगर मेरा गमज़दा वज़ूद इस बात की गवाही है 

कि 
उसने मुसलसल कई गुनाह किये 
और अक्सर कहता रहा मेरी खता क्या है

© परी ऍम. श्लोक