Wednesday, October 15, 2014

सोच गहरी थी... ज़ज़्बा मुकम्मल था !


सोच   गहरी    थी    ज़ज़्बा  मुकम्मल    था
यूँ  तो   खिलाफ   मेरे   खड़ा  पूरा  शहर था.....
ये जलन थी या  फिर  उसूल  था  मालूम  नहीं
बेटियो के  लिए  नियम कानून था  मालूम  नहीं...
घर अपना देखती या ज़माने भर की फ़िक्र करती
मुझे बकवास लगती  किसी  की भी  दहशतगर्दी
  
घर में   मुफलिसी  का  आलम  था  जाते   कहाँ ?
किसी  से  इक  नवा  कहते  भी  तो  पाते   कहाँ ? 
मुझे   मालूम  था  आगे - आगे   होना    क्या  है ?
इस सफर में  मिलने  की एवज़ में  खोना   क्या है?  
अपनों के  भालो  से  घायल  हम  हर  रोज़    हुए
यही  वो  जख्म   थे   जिनसे  हम   सरफ़रोश   हुए
  
कुछ  नया  करो तो  सीधा इज्जत पे बात आती  है
कदम कदम पर तोहमतों की कीले बिछाई जाती  हैं  
किसी    ने  कहा   दुपट्टा   गले    में     डालती   है
किसी    ने   कहाँ   जींस  पेंट   में  फैशन  मारती हैं
कोई   कहने   लगा   होंठो   पर  लगी  लाली देखो
कोई  कहता  उर्फ़  कानो  में  लटकती  बाली देखो  
कब   तक   उनकी  बातो   को  दिल   में  घर  देती
कब   तक   शबनम   के   बूँद   से  दामन भर लेती  
श्लोक   जानती    हैं   हालतो   से   लड़ने  का  हुनर
आ..  कोई  अंगार  मेरे   झोपड़ी  से होके  तो  गुजर

आज ये आलम है दोस्तों...
उनके    बच्चे    मुझे    अपना    मिसाल   कहते   हैं  
मेरे   जैसे   बनेगे   अपनों   से   हर   बार   कहते    हैं 
यही   मेरी   कमाई    है  जो   मैंने  आज  तक पायी है
रही  पैसो   की  बात उसने  तो  बस  भूख  मिटाई   हैं !!

______________________
© परी ऍम 'श्लोक'

Monday, October 13, 2014

आज नासाज़ है तबियत मेरी ..चले आओ तुम....


आज नासाज़ है तबियत मेरी
चले आओ तुम....
दर्द मर जाएगा
हाथो से ज़रा सहलाओ तुम....

 जान ...
तुम ऐसे तो न थे पहले कभी
 
बिन कहे अक्सर ही जान जाते थे
हर बात मेरी 
फिर आज किस दीवार से टकरा रही है
दरख्वास मेरी 

जाने तुम्हे वक़्त के साथ हुआ क्या है
इश्क़ का एहसास आज-कल धुँआ-धुँआ सा है

 याद है तुम्हे ?
पहले तो मुझे छींक भी आये
तो तुम बहुत रोते थे
रात भर मुझे तकते थे
कब एक पल भी सोते थे ? 

आज जब तप रहा है आग सा जिस्म मेरा
काम न आ रहा यादो का तिलिस्म तेरा
सोचा तेरी तस्वीर से काम चला लूँ
उठा कर डायरी से तुझे सीने से लगा लूँ  

मगर
आज बेकार रही कोशिश हर तरकीब सुनो
अब तो चले आओ ऐसे भी न संगदिल बनो

 माना कि जिद्दी हो
पर आज न तड़पाओ तुम
इससे पहले कि टूट जाये आखिरी कड़ी भी साँसों कि

कैसे भी करो.... कुछ भी करो...
मगर .....चले आओ तुम !!
 
___________________________
 © परी ऍम 'श्लोक'

मुझे अच्छा लगेगा ...


सुनो ना
ज्यादा नहीं....
इतना तो एहसान किया करो
कभी इन तंग गलियो से निकल
मेरी गुलिस्तां का रुख किया करो
कुछ गुल महक रहे हैं अब तलक तुम्हारे नाम से
मगर जो सूखने लगे हैं उन्हें छूकर जगा दिया करो
कभी मेरे लव्ज़ों के आईने से झाँक
मेरे हालातो का जायज़ा ले जाया करो
जो लिखे हैं नज़्म याद में तेरी
दो टूक उसे पढ़ जाया करो
बेशक की तारीफ में न तो न सही
मुझे तुम बुरा ही कह जाया करो
 
मुझे अच्छा लगेगा....
ये जानकार
कि मैं जो कहती हूँ
उसे दिल थाम कर पढ़ते हो तुम
दूर कितना भी हो
मुझपे आज भी मरते हो तुम
मेरी तलाश तुम्हे मेरे जाने के बाद भी है
मेरी यादो से तेरा जहान आबाद भी है
 
 हाँ ...मुझे अच्छा लगेगा
तेरी उंगलियाँ ज़ज़्बातो को जब मेरे छुयेंगी
तेरी आहें मेरे कानो में आकर जो कुछ कहेंगी
मैं अगले ही पल उससे मिला एहसास लिखूँगी
इन पन्नो पर फिर दिल की तमाम बात लिखूँगी
 
मुझे अच्छा लगेगा
ये सिलसिला आग़ाज़ से अंजाम का
ये सफर दर्द से सकून का ....
तेरा आना ..और फिर यूँ ही आते रहना ..
तेरा आना और फिर एक दिन रुक जाना
तेरा आना और फिर कभी न जाना
 
हाँ ...मुझे अच्छा लगेगा !!
 
___________________
 
© परी ऍम. 'श्लोक'


Saturday, October 11, 2014

नेक कर्म...मीठा फल


कोशिश वही
कामयाब होती है
जिसकी नेक सोच से
शुरुआत होती हैं

नेक कर्म
मीठा फल पाता है
बेशक थोड़ा वक़्त लगे
पर सही समय ज़रूर आता है

तुमने बचपन बचाया
कितने बच्चो का उद्धार किया
उच्च स्तर की सुख-सुविधाओ को
इस मकसद के खातिर त्याग दिया  
देखो ..
तुमने भी तो पाया
कितने बेबसों के
आशीषों ने तुम्हे
नोबेल पुरस्कार दिलाया

यह सबको देता  हैं  सन्देश
बस नेक सोच सूझ-बूझ के साथ
बढ़ते रहो....निष्पक्ष रहो
रास्ते मुश्किल से मुश्किल भी खुलेंगे
हौसले गर जिन्दा है
तो मौके और भी मिलेंगे
 
तुम भी तो
शिक्षा के लिए लड़ी
मौत को भी मात दिया
तुम्हारे ज़ज़्बों के जिंदादिली ने
तुम्हे सम्मान में शांति पुरस्कार दिया !!


_______  © परी ऍम 'श्लोक'

Friday, October 10, 2014

सुहागिन...चाँद और मनौतियाँ

आज की शाम मानो
धरती पर उतर आई हो 
सोलह शृंगार किये
रंग-बिरंगे वस्त्र पहने हुए
माथे पर लाल सिन्दूर भरे
सभी देवियाँ ...............

अपनी खूबसूरती से 
मात दे रही हैं
स्वर्ग की अप्सराओ को 
आज अप्सराओ को इन देवियों से  
जलन हो रही होगी............

करवाचौथ का व्रत रख
पूरा दिन भूखी प्यासी रही
किन्तु चहरे का तेज
और लालिमा अब भी कायम है
कितना उत्साह है इनमें ..........

चाँद को भी आज खूब
तवज्जु मिल रहा है
देखो न ..
कथा सुनने के उपरांत
चाँद का इंतज़ार
कितना ज़ोरो पर होता है 
 
चाँद को छलनी से ताकती
धूप अर्चना करती
यह देवियाँ....
मनौतियों में हर बार मांगती है
अपने पति की लम्बी उम्र 

निसंदेह यह इनका
अपने पति के लिए
अथाह प्रेम व श्रद्धा है

जिसके लिए वह इतना सब कुछ करती हैं

और ....
प्रेम व समर्पण तो हमेशा
साथ-साथ चलता है न... !!

 
_________© परी ऍम 'श्लोक'

सुन बहना.... (अपनी बहन सोनिया के जन्मदिन पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ) - 10 Oct-2014


सुन बहना !
तू न कहती थी कि तुझसे प्यार कम है
चल तुझे बता दूँ कि ये बस तेरा भरम है
जितनी चाहत मुझे दीदी...गुड़ियाँ,,ज्योति से हैं
प्यार कि माला में तू भी अहम मोती सी हैं


तुझे पता है
मैंने तेरे लिए आज दुआ की है
पर मत पूछ कि आखिर क्या-क्या की है
कोई इक हो तो बताऊँ भी
कैसे पूरी पोथी खोल कर दिखाऊँगी


सुना है मैंने
बता देने से कबूल नहीं होगी
अगर ऐसा है हमसे भी ये भूल नहीं होगी
जब दुआ पूरी होगी कह दूंगी
ये वही दुआ थी जो रंग लायी है
इबादत के पौधे में कली खिल आई हैं


अब बड़ी हूँ तो फर्ज मैं निभाऊंगी
शाम को साथ अपने केक भी ले आउंगी
तू भी जल्दी आना देर मत करना सोना
वरना रूठ कर मैं इस बार भी सो जाऊँगी...



_________ © परी ऍम 'श्लोक'

(अपनी बहन सोनिया के जन्मदिन पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ)

पहले क्यूँ नहीं आये ??

आखिर क्यूँ नहीं आया तुम्हे
मेरा ख्याल एकबार भी
जानते भी हो...
कितना सितम सहा है मैंने  

इक उम्र तक हर पूर्णिमा का चाँद
मेरे अधूरेपन पर ताना कसता रहा
मैं जब भी तुम्हारी मौजूदगी सिद्ध करती
अमावस आकर मेरी  
कोशिशो को खंडित करता रहा    
 
तुम्हारी तलाश में सिर्फ पाँव में ही नहीं
हृदय पर भी अनगिनत छाले पड़े
कई बार खाली फ्रेम पर
ख्याली तस्वीरे लगाया
और उतारा करती थी

तुम्हारे लिए
कितने ही बारिश तरसती रही
कितने मौसम गुजर गए
कितने सावन बिसर गए
झूलती रही झूले पर जीवन के
बिलकुल तनहा अकेली 
परिस्थितियों की पैंगी मुझे 
आसमान तक लेजाकर
सतह पर लाती रही

कितना कुछ सहती रही
इस पथ पर चलते हुए 

लेकिन सच कहूँ ?
तुम्हे पाने का हौसला न
और भी खरा होता चला गया

अब जाकर मिले हो तुम
जब चार दिन की जिंदगी में से
घट गए दो दिन

भला ऐसा भी कोई करता है क्या ?

अब
कैसे पुरे होंगे सब अरमान मेरे
 
शिकायत बहुत है हाँ ....
बताओ न
अब तक कहाँ थे तुम ?
और पहले क्यूँ नहीं आये !!

 

_________ © परी ऍम 'श्लोक'

Thursday, October 9, 2014

मेरी तमन्नाओ का कवि



उसका न ही पता मालूम
और न ही ठिकाना
मगर इतनी खबर तो है मुझे
कि आज फिर वो
रात भर जागे होंगे आँखो को मसलते हुए
चाय की प्याली को रह-रह कर
होंठो से लगा रहें होंगे...
गालो पर हाथ टिकाये हुए
बड़ी देर तलक सोच कि गहराई में
उतरे होंगे....उभरे होंगे...
कल्पनाओ की रिमझिम से
मीठी-मीठी रंगीन बूंदे समेट कर
मेरा अक्स बड़ी देर तक बनाया होगा...
मुझे पाने के लिए बहुत दूर निकल आये होंगे...
ज़हन में कुछ तूफ़ान उठ खड़े होंगे...
जब मुझसे हाल-ए-दिल कहने का दिल किया होगा..
उन्होंने हाथ में फिर कलम उठा लिया होगा..
कुछ शब्द तलाशे होंगे ..
फिर उसको पिरोया होगा..
जाने वो कितना हँसे होंगे..
पता नही कितना रोये होंगे..
आज उन्होंने फिर एक कविता लिखी होगी
उसमे मेरा जिक्र किया होगा
हर किसी ने उसे पढ़ा होगा
सभी के मर्म को छुआ होगा
और मैं.........
मेरी तमन्नाओ के कवि कि
उस कविता के जज्बातों से लैस
शब्दों को महसूस करने से
आज एक बार फिर
महरूम रह गयी.....!!!

 
  __________________
© परी ऍम 'श्लोक'

Wednesday, October 8, 2014

तुम ...और तुम्हारा प्रेम ...

 
गिराये हुए
पर्दो के बीच से झाँकना
उठाये हुए दम्य की दीवार टापना
शक कि सिलवटे पोछ आना
विश्वास की चादर ओढ़ आना
 
कभी..जब उठ जाए मन
तुम्हारे गढ़े कठोर दायरों से
तो उसके पार आना तुम....
 
फिर
कहीं .. किसी
मोड़ पर मिलना मुझसे
जब ढली हो शाम
महक रही हो रात
तारे टिमटिमा रहे हो
लिख रहा हो सन्नाटा
जब अपनी शान्त कथा...
 
अपने गुस्से को चकमा देकर
छिपते-छिपाते चले आना तुम
उन लम्हों के मंज़र पर
जहाँ बना कर अधूरा छोड़ आये थे
खूबसूरत अहसासो का घरौंदा....
जहाँ से हमने आरम्भ किया था
अद्भुत अध्याय को गढ़ना....
और
तब बुलाना मुझे
यथार्थ के उस जज़ीरे पर
जहाँ मेरा स्वप्न मसल गए थे तुम....
 
मालूम है तुम्हे
तब से अब तक
नजाने कितने मौसम गुज़र गए
हम जले भी ..सूखे भी ...बिखरे भी
किन्तु
प्रतीक्षा के इस विशाल सागर में
आशाओ को भिगोये रखा
  
आना तुम जब एकांकी
मेरे लिए विलाप करने लगे
और
तब छूना मेरी धड़कनो को
अपनी मौजूदगी के शिनाख्त के लिए
उसमे मच रहे शोर से
जान जाओगे तुम....
कि मेरे लिए सदा से ही 
कितना अनमोल रहा है
तुम ...और तुम्हारा प्रेम  !!
 
_____________________
© परी ऍम 'श्लोक'

अबके बहुत दिन गुजरे ....!!

सुनो !

अबके बहुत दिन गुजरे
तुमसे बात नहीं हुई
जाने खफा हो
या फिर
कहीं उलझे हो और.....

इरादा बेवफाई का तो नहीं ?

उफ्फ देखा!
मौकापरस्त शक भी
दरवाजे पर आकर
दस्तक देने लगा है
मालूम नहीं कि
कहाँ-कहाँ भटक आतें हैं
पैदल ख्याल भी मेरे ...
सकून का कहीं पर
नाम-ओ-निशान तक नहीं

और तुम्हारी याद
दौड़-दौड़ कर
मन का पल्लू पकड़ती है
पहाड़ जैसे हो गए हैं पहर
और मैं चींटी सी
चढ़-चढ़ ढुलक जाती हूँ

सुन लो ....
बहुत हुआ
जिद्द का जिद्दी सिलसिला
अब या तो चले आओ
या फिर चले जाओ
ऐसे तो मुश्किल न करो तुम
जिंदगी मेरी ….
न डूब सकूँ न पार लगूँ
इस तरह अटकी रहे
तलातुम में कश्ती मेरी !
 
________
©परी ऍम श्लोक

आओ ! मैं तुम्हे यकीन दिला दूँ ...!!



आओ !
आज मैं तुम्हे यकीन दिला दूँ
अपनी बेपनाह मोहोब्बत का

रखो अपने दिल का
एहसासो से लदबद पन्ना खोल कर
इसपर मैं अपने नाम का हस्ताक्षर करदूँ
मोहर लगा कर प्रमाणित कर दूँ
घोषित करदूँ तुम्हारी धड़कनो पर
अपनी हुकूमत
बन जाऊँ तुम्हारी मल्लिका......

तुम कबूल करो मुझे
और
मैं तुम्हे कबूल करती हूँ

आओ !
अपने इश्क़ कि पाकीज़गी का
मैं तुम्हे बेझिझक साबूत देती हूँ
तुम्हारे ज़ज़्बातो के हाथो
अपनी हर साँस का सौदा देती हूँ !!

________©परी ऍम 'श्लोक'




Tuesday, October 7, 2014

वक़्त के पास हर मर्ज कि दवा है फिर .....??


वक़्त के पास
हर मर्ज कि दवा है
फिर वक़्त कि ये धोखेबाज़ी
आखिर मुझसे ही क्यूँ ?

बीतते लम्हों ने
सिर्फ मेरे जख्मों को गलाया है
हर दिन उम्मीद कि लड़ी से
इक मोती टूट कर गिर जाता
सुबह कि किरणे
तलवार कि तरह आती रही
और
रात भर बच्चे कि तरह
कलेजे से लगाये हुए
सपने कि हत्या कर जाती रही
हर शब मेरा विश्वास
दम तोड़ता रहा

लेकिन
फिर भी मैंने
हार स्वीकार नहीं कि
बेशर्म होकर
अपनी साँसों के चरखे पर
कातती रही
इंतज़ार कि शाल

कि शायद !
कभी जाग जाए तुममे साहस
लौट कर आने कि
कभी तो तुम अपनी हथेली बढ़ा कर
मेरे सामने झुक कर
प्यार का दम भरके
मेरा हाथ मांगोगे

बेशक
ये जानते हुए भी कि
मरा हुआ सम्मान और
इंसान दोनों ही जिन्दा नहीं हुआ करते
फिर कैसे पा लेती वापस मैं
वो जो खो चुकी थी

खता... मेरी ही थी
अरमानो का बीज डालने से पहले
मैंने ही नहीं सोचा
कि इसका हश्र इक वज़ूद होगा
या फिर यह नीस्त-ओ-नाबूद होगा !!

 _____________________

© परी ऍम. 'श्लोक'
7th Oct..2014



Monday, October 6, 2014

तुम्हे कैसे कहूँ ??

 
इक बात है
जो जुबान की दहलीज़ पर आकर
अटक जाती है
खामोशियो की कुंडी में
और बस फड़फड़ाती रहती है
कश्मकश के पिंजरे में कैद
किसी बेसब्र परिंदे की तरह

सोचती हूँ
तुम्हे बिठा कर अपने पास
सारी हसरतें आज़ाद करदूँ
फिर जो भी हो देख लूँगी
पर
इतना आसान कहाँ है इश्क़..........
किसी ने सच ही कहा है
"आग का दरिया है
और डूब कर जाना है"

तुम बोलना शुरू करते हो कि
सुनते रहने की
आवारा आरज़ू जाग जाती है
अब तुम ही बताओ
कैसे कहूँ ? 
रात भर जो
बेकाररियाँ साथ होती है
रात भर जो नींद छटपटाती है
रात भर जो भटकता है
तसव्वुर तेरी तलाश में 

जो बात इक कदम भी
आगे बढ़ती नहीं
वो बात मुझे कहना है
बताओ न 'श्लोक'
आखिर तुम्हे कैसे कहूँ ??

 ____________
© परी ऍम. 'श्लोक'

लगता है अब कुछ कहने के लिए.......औकात बनानी होगी

अजब समस्या है
मैं जो कहती हूँ
उसे कोई सुनता नहीं
मुँह टेड़ा करके
गर्दन हिला के चलते बनते हैं
कई बार तक तो
बात गरमा-गर्मी पर आ जाती है
सुनने को उल्टा ही मिल जाता है
"मुझे तुमसे ज्यादा पता है"
भाई ! पता तो हैं
पर अमल में कब लाएंगे ?
जब कोई बड़का आदमी कहेगा
जो जनता के बीच चर्चित हो तभी क्या ?

अब ज़माना बहुत आगे निकल गया है
छोटे मुँह से बड़ी बात
किसी को रास नहीं आती है
लोग बड़ी हस्ती की
उसी छोटी बात को सुनने के लिए
कितनी बिजली फूंकते हैं ..
सारा काम छोड़ कर बैठ जाते हैं
टेलीफोन का बिल खपत करते हैं
मैं सेत में समझाती हूँ तो
मेरी बात को सब अनसुना कर देते हैं
जैसे कोई पागल ..दिवालिया कुछ बड़बड़ा रही हो
आस-पास चार लोगो का
जुहाना भी मुश्किल हो जाता है 

मन उफना रहा था
तो मैंने कह दिया आह ! गरीबी बहुत है देश में
मन मार के कुछ ने सुना
कुछ ने कहा ...
अरे! तू कौन सी नयी बात बता रही है
हम नहीं देखते क्या ?
नंगे-भूखे लोग फूटपाथ पर
हमारी आँखे सलामत है
भेजा मत खराब कर
लो ये क्या ?
मैं सुधार की बात करती हूँ
लोग नुक्स निकाल देते हैं

लगता है
अब कुछ कहने के लिए भी
औकात बनानी होगी ...
अखबार में आना  होगा
परदे पर छा जाना होगा
मशहूर बन जाना होगा 
तब कहीं जाकर लोग मुझे सुनेंगे
मैं अपने ज्ञान का प्रसाद बाँट पाऊँगी ..
समस्या रखने का अधिकार पाऊँगी

विश्वास करो ...
बन जाऊँ जो भी
रखूंगी मैं अपनी बात ऐसे ही
बिलकुल मुफ्त में ....
बस प्रतिष्ठा बड़ी होगी

क्यूँ तब तो सुनोगे न मुझे ??

____________
©परी ऍम श्लोक

 

Saturday, October 4, 2014

भीड़.......!!

भीड़
जब कभी पंडाल में होती है
मैदान में होती है...उत्सव में होती है
बस ज़रा सी
अफवाह की हवा चलती है
ज़ोर का शोर होता है
गिर जाती हैं कोमल शाखाएं
कुचलते हुए बढ़ जाती है
इक बहुसंख्यक भीड़ आगे की ओर
जान सबको प्यारी होती है
लेकिन जो कुचले गए
उनकी जान का हिसाब कुछ नहीं
सिवाय सरकार के मुआवज़े के
जिस देश में बहुमत से सरकार चलती है
तख्तापलट हो जाता है सियासत का.....
उस देश में भीड़ का इक क्रूर रूप है
भीड़ बहुत खतरनाक होती है


भीड़ जब कभी
इन्साफ के लिए
सड़को पर होती है
कोर्ट के बाहर होती है
तब उस भीड़ का फायदा उठा
उसमे शामिल हो जाते हैं
कई गिरगिट कई मगरमच्छ
तो कुछ चले आतें है
इस जमघट को देख
फोटो खिचवाने के लिए
फेसबुक पर लगाने के लिए 
कुछ नंबर बनाने के लिए
भीड़ में असल पीड़ा और
इन्साफ की चाह लेकर
बहुत कम बढ़ाते हैं कदम
भीड़ में कम होते हैं सरफ़रोश
भरे होते हैं ज्यादा से ज्यादा नकाबपोश

भीड़ जब कभी
किसी की आत्मा की शान्ति के लिए
जला रही होती है मोमबत्तियां....
तब
मोमबत्तियों का पैकेट लेकर आ जाते हैं
कई दुष्ट ..बीमार सोच के लोग
इंसानियत  के खूनी ..गद्दार लोग 
अपने आप को महान दिखाने में
कोई कसर नहीं छोड़ते
आत्मा को अशांत करने का
नहीं छोड़ते कोई मौका
कैमरे के सामने आतें है
अपने आप को अच्छा बताने को
अपनी ऊँची सोच का डंका बजाने को
भीड़ उस पानी की तरह होती है
जो फ़िल्टर नहीं होती
लेकिन दिखती एकदम साफ़ है
मिलकर गन्दगी के बादशाह
इसे गन्दा कर देते हैं
भीड़ नहीं रह जाती
इक मुकम्मल नेक चाह के साथ
इक निष्पक्ष नेक कदम के साथ
तब भीड़ भयावह होती है
भीड़ श्रापित होती हैं
और
मुझे नहीं बनना इस भीड़ का हिस्सा !!


 __________© परी ऍम श्लोक

"बस पूछो न.....जिंदगी कैसे इक व्यवस्था की तरह पलट गयी"

शरद की चाँद रात में
अब वो शीतलता वो नरमी
कभी महसूस नहीं होती
तारे टूटते तो हैं आज भी 
पर मैं अब मनोतियां नहीं माँगती

सुबह की रोशनी 
रोशनदानियो से अंदर आकर
जाने कहाँ गायब हो जाती है
दहलीज़ से भीतर तक व्याप्त है
बेउमीदी का काला घनघोर अँधेरा

मेरे साये मुझसे
दिन में भी छिपा करते हैं

कभी-कभार फिर से
जीने की कोशिश में
मुरझाये हुए
तुम्हारे दिए खत 
खोलती हूँ पढ़ने के लिए
पर अब उसमे लिखे शब्दों के रंग
उड़ गए हैं
स्याही फ़ैल गयी है
पन्नें पीले पड़ गए हैं
उजाड़ हो गया है
हर शब्द का मायना....उसके भाव
विरह के चंगुल में फसकर

बदल गयी हैं
हमारे प्रेम की परिभाषा
अब न आँखों में
वो तसल्लियों भरी नींद है
न ही नींदों के
आकाश में सपनो का पंछी

तमन्नायें बेवा हो भटकती हैं
वक़्त ने शिकार कर लिया है
मेरी अट्हासो का

बस पूछो न बचाते-बचाते भी
जाने कब.....

जिंदगी इक व्यवस्था की तरह पलट गयी
इसके तहो में दब कर मर गयी
तुम्हारी प्रेमिका !!

_____________©परी ऍम 'श्लोक'

Wednesday, October 1, 2014

मैं देश नहीं झुकने दूँगा .......


एक नज़र वो देश का महाचुनाव देखिये
जनता के फैसले में हुआ घुमाव देखिये
 
देश की राजनीती का बड़ा बदलाव देखिये
जश्न मनाता हुआ मोदी का गाँव देखिये 
 
जो कभी लहराते थे कॉलेजों में तिरंगा
लाल किले तक कदमो का बढ़ाव देखिये
 
गर्व कर रहा है जिसपर देश का हर आदमी
देश के उस बेटे का आप हाव-भाव देखिये
 
बोलते हैं तो छू लेते हैं हर किसी की आत्मा
उनके भाषण शैली का गज़ब प्रभाव देखिये
 
हिन्दी का दम जिसने दुनियाँ को दिखा दिया
भारत माता को समर्पित है यह लाल देखिये
 
बदल जायेगी तस्वीर भारत की कुछ साल में
आरम्भ हो चुका है ज़मीन से मुद्दो को उठाव देखिये
 
पहली बार देश की तारीख में ऐसा हुआ
मैडिसन स्क्वेयर से वाइट हाउस तक मोदी का घेराव देखिये
 
____परी ऍम 'श्लोक'
 
 
नोट : यह लेख श्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी “माननीय प्रधानमंत्री" जी को समर्पित ...
इनके लिए सम्मान केवल शब्दों में नहीं अपितु ह्रदय में भी है और इसका एक बड़ा कारण इन्होने देश का सबसे निचले स्तर का मुद्दा उठाया  ... छोटी छोटी बात की .. लेकिन वज़न बड़ी बातो से भी ज्यादा रहा ....और जिन्होंने अपने भाषण में बेटियो की सुरक्षा की बात कही थी ... चाहे वो लाल किला हो या फिर संसद भवन ...
आपका हार्दिक धन्यवाद !!